News Portal

पुलिस कांस्टेबल भर्ती में चुने गए 1521 में से 195 अभ्यर्थियों ने ज्वाॅइन ही नहीं किया।

Dehradun: पुलिस कांस्टेबल भर्ती में चुने गए 1521 में से 195 अभ्यर्थियों ने ज्वाॅइन ही नहीं किया। इस वजह से ये पद खाली रह गए। भाजपा नेता रवींद्र जुगरान ने पुलिस मुख्यालय में आईजी कार्मिक विम्मी सचदेवा से मुलाकात कर मांग की है कि एकल संवर्ग के नए नियम के तहत इन खाली पदों के लिए वेटिंग लिस्ट जारी की जाए।

जुगरान ने ने कहा कि सरकार ने 10 अक्तूबर को एकल संवर्ग के पदों पर परिणाम के साथ वेटिंग लिस्ट जारी करने की नियमावली जारी की है। इसके तहत खाली रहने वाले पदों को वेटिंग लिस्ट से भरे जाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने मांग की कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती में इस नियमावली को लागू करते हुए रिक्त 195 पदों पर वेटिंग लिस्ट जारी की जाए।

उन्होंने आईजी कार्मिक को बताया कि आगामी पुलिस कांस्टेबल भर्ती में आयु सीमा में एक बार छूट देते हुए आयु सीमा बढ़ोतरी हो, क्योंकि पूर्व में उनके प्रत्यावेदन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव कार्मिक को इस विषय पर वार्ता को लिखा है।

पुलिस कांस्टेबल भर्ती में आयु सीमा बढ़ोतरी इसलिए की जानी चाहिए क्योंकि वर्ष 2014 के सात वर्षों बाद वर्ष 2021 में विज्ञप्ति प्रकाशित हुई थी। कायदे से हर वर्ष भर्ती निकाली जाती तो पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए तैयारी कर रहे अभ्यर्थी आयु सीमा पार न होते। आईजी कार्मिक ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.