News Portal

भाजपा सरकार के मंत्रियों को अपने विभागों का दिखाना होगा 100 दिन का काम

भाजपा सरकार के मंत्रियों को 100 दिन बाद अपने-अपने विभागों का रिपोर्ट कार्ड रखना है। परफॉरमेंस का यह दबाव उनके मंत्रालयों के नौकरशाहों और अधिकारियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शासन से लेकर विभागों तक में 100 दिन के लिए तय किए गए विकास कार्यों के लक्ष्यों को लेकर बैठकों का दौर तेज हो गया है।

मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू विभागवार बैठकों में लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार को 60 दिन हो चुके हैं। शपथ लेने के बाद सरकार के सभी मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों में 100 दिन के लक्ष्य तय किए थे। ये लक्ष्य पार्टी के चुनाव दृष्टि पत्र में किए गए संकल्पों को ध्यान में रखकर बनाए गए। लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मंत्रियों पर ही नहीं अब सरकारी अधिकारियों पर भी परफॉरमेंस का दबाव साफ दिखाई दे रहा है।

हर मंत्री को अपने-अपने विभागों में अवस्थापना विकास, रोजगार, स्वरोजगार, नवाचार, कल्याणकारी योजनाएं तैयार करनी हैं और इन्हें लागू करना है। अब महज 40 दिन शेष बचे हैं, लिहाजा शासन स्तर पर 100 दिन के लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर तेजी दिखने लगी है। मुख्य सचिव और सचिव स्तर पर 100 दिन के लक्ष्यों को लेकर अलग से बैठकों का दौर शुरू हो गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.