News Portal

बोर्ड बैठक में हंगामे के बाद चार समितियों का गठन, नगरीय बस सेवा समेत 200 प्रस्ताव पास

Roorkee: नगर निगम बोर्ड की बैठक में चर्चा के दौरान शुरू में ही हंगामा हो गया। पार्षद वादे के अनुरूप समितियों का गठन करने की जिद पर अड़ गए। इसके बाद बैठक को आधे घंटे का अवकाश दिया गया। इस पर पार्षदों ने पर्ची डालकर टैक्स, स्वास्थ्य, बिजली और निर्माण समितियों का गठन किया और बाेर्ड ने इन्हें पास कर दिया।

इसके अलावा बैठक में करीब 16 करोड़ के अनुमानित बजट के साथ ही 200 से अधिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए। इस दौरान 32 सीटर नगरीय बस एवं 5 बैटरी कार के संचालन और सालियर में नए बस स्टैंड के निर्माण समेत कई बड़े प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई।

बोर्ड बैठक में निगम की ओर से दिए गए निर्माण प्रस्तावों पर पार्षदाें ने आपत्ति जताई कि उन्हें ही नहीं पता कि उनके वार्ड में कौन से काम कराए जा रहे हैं। ऐसे में निर्माण कार्य शुरू करने से पहले स्थानीय पार्षदों की अनुमति लिए जाने की मांग की गई। सड़कों के गड्ढे भरने के प्रस्ताव का विरोध जताया गया। पार्षदों ने कहा कि पिछली बार केवल दो वार्ड में गड्ढे भरकर इतिश्री कर ली गई। पार्षदों ने गड्ढे भरने के लिए हर वार्ड का अलग टेंडर निकालने की मांग की। बैठक में यूनिपोल में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए।

पार्षदों ने कहा कि यूनिपोल के एक साइड पर विज्ञापन की अनुमति है जबकि कंपनी दोनों तरफ विज्ञापन लगा रही है। वहीं इससे भी बड़ी आपत्ति यह लगाई गई कि एक कंपनी को यूनिपोल का ठेका एक करोड़ में दे दिया हुआ है जबकि एक दूसरी कंपनी को मात्र एक लाख में 20 यूनिपोल पर विज्ञापन लगाने की अनुमति दी गई है। इस पर मेयर ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पार्षद संजीव तोमर ने पनियाला रोड से पानी की निकासी की मांग उठाई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.