भारत-चीन सीमा पर मलारी गांव के जंगलों में लगी आग
Dehradun: भारत-चीन सीमा पर स्थित सीमावर्ती गांव मलारी के ऊपरी हिस्से में स्थित जंगलों में आग लग गई है। यह आग सेना शिविर की ओर न बढ़े, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के रेजर गौरव नेगी ने इस घटना की जानकारी दी है।
रेजर गौरव नेगी ने बताया कि आग मलारी के भुजगढ़ नाले के ऊपर सिविल क्षेत्र में लगी है। आग पर काबू पाने के लिए सुराईथोटा टीम के पांच सदस्य मौके पर मौजूद हैं। इस टीम का नेतृत्व वन दरोगा कुलदीप नेगी कर रहे हैं। वे सेना शिविर के पास आग बुझाने के कार्य में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। यह क्षेत्र मलारी गौचरण भूमि के अंतर्गत आता है। आग को एक छोर से बुझा दिया गया है, जिससे स्थिति कुछ हद तक नियंत्रण में है। दूसरे छोर पर लगी आग को भी जल्द ही बुझाने का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग मिलकर इस चुनौती का सामना कर रहे हैं।