News Portal

आईआईटी के दीक्षांत समारोह का समापन, स्नातकोत्तर और पीएचडी के 1424 छात्रों को मिली डिग्रियां

Roorkee: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के दो दिवसीय दीक्षांत समारोह-2026 का रविवार को समापन हो गया। समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इस दौरान उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में छात्रों की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।

दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन 1,424 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 903 स्नातकोत्तर डिग्रियां, 518 पीएचडी एवं पीएचडी ड्यूल डिग्रियां और तीन एमएस बाय रिसर्च डिग्रियां शामिल रहीं। डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए यह दिन उनके शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि का अवसर रहा। समारोह में हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हर्षवर्धन छिताले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
वहीं, ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक और एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों, शिक्षकों, शोधार्थियों, छात्रों और उनके परिजनों ने भी सहभागिता की।

समारोह के दौरान डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। दो दिवसीय आयोजन में आईआईटी रुड़की की शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.