कौन हैं आतिशी? जो 2020 में पहली बार विधायक, 2023 में मंत्री बनीं और अब 2024 में सीएम

साल 2020 में आतिशी पहली बार कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक चुनी गईं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार धर्मवीर सिंह को 11 हजार 393 वोटों से मात दी थी। आतिशी का जन्म दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विजय कुमार सिंह और त्रिप्ता वाही के घर 8 जून 1981 को हुआ। आतिशी ने नई दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। आतिशी ने सेंट स्टीफंस कॉलेज में इतिहास की पढ़ाई की। इसके बाद ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में शेवनिंग छात्रवृत्ति पर मास्टर की डिग्री हासिल की। कुछ साल बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड से शैक्षिक अनुसंधान में रोड्स स्कॉलर के रूप में अपनी दूसरी मास्टर डिग्री हासिल की।

आतिशी ने मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में सात साल बिताए थे, यहां वो जैविक खेती और प्रगतिशील शिक्षा प्रणालियों से जुड़ीं रहीं। उन्होंने वहां कई गैर-लाभकारी संगठनों के साथ भी काम किया था, यहां उनकी पहली बार आम आदमी पार्टी के कुछ सदस्यों से मुलाकात हुई थी, आतिशी आम आदमी पार्टी की स्थापना के समय से हैं।

नेशनल इलेक्शन वॉच की साइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आतिशी मार्लेना के पास कैश के तौर पर सिर्फ 20,000 रुपये हैं। जबकि बैंक और अन्य फाइनेंशियल फर्म में 1.41 करोड़ से ज्यादा का डिपॉजिट है। हालांकि, इसमें उनके पति की इनकम भी शामिल है। आतिशी के पास एक करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है, लेकिन उनके पास न तो खुद का घर है और न ही उनके नाम पर कोई जमीन है।
उनकी संपत्ति की बात करें, तो माय नेता पर शेयर किए गए चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके पास 1.41 करोड़ रुपये की संपत्ति है। आतिशी के ऊपर किसी की कोई देनदारी नहीं है।
2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के सामने जो संपत्ति का जो ब्योरा पेश किया, उसके मुताबिक उनके पास करीब कैश 30000 रुपये, जबकि बैंक डिपॉजिट व एफडी मिलाकर कुल 1.22 करोड़ रुपये हैं। दिल्ली की नई सीएम आतिशी की ज्यादातर संपत्ति उनके बैंक अकाउंट और फिक्स्ड डिपॉजिट में ही है।

करोड़पति होने के बाद भी उन्होंने शेयर बाजार या बॉन्ड बाजार में उन्होंने कोई निवेश नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने एलआईसी का एक प्लान है। उनके नाम पर 5 लाख रुपये की एलआईसी की हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी है।