News Portal

भारी बारिश का कहर, कैंपटी रोड पर बहुमंजिला भवन हुआ धराशायी, जान बचाने के लिए भागे लोग

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बारिश के कारण जहां शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, वहीं शुक्रवार को कैंपटी रोड क्षेत्र में एक बहुमंजिला भवन अचानक धराशायी हो गया। भवन गिरने की जोरदार आवाज सुनकर अंदर रह रहे पांच लोग तत्काल बाहर भागे और बाल-बाल अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भवन गिरने से पहले अचानक तेज आवाज हुई, जिसके बाद घर में मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकल आए। देखते ही देखते बहुमंजिला भवन भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे में भवन के अंदर रखा पूरा सामान मलबे में दबकर तबाह हो गया। भवन में चार कमरे थे, जबकि छत पर रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था।

भवन के धराशायी होने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बहुमंजिला भवन को अचानक भरभराकर गिरते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.