कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से की गई फूलों की बारिश
हरिद्वार: हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां शिवभक्त कांवड़ियों का विशेष स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया। पूरे मार्ग पर भक्ति का माहौल देखने को मिला। आने वाले दिनों में कांवड़ यात्रा और रफ्तार पकड़ेगी।
कांवड़ मेले के शुरुआती दिनों में अपेक्षाकृत शांत रहा कनखल का बैरागी कैंप अब डाक कांवड़ यात्रियों की आमद के साथ पूरी तरह आबाद होने की तैयारी में है। चार अगस्त को पंचक समाप्त होते ही डाक कांवड़ यात्रियों के बड़े जत्थे हरिद्वार पहुंचने शुरू हो जाएंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने बैरागी कैंप की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अगले कुछ दिनों में पूरा क्षेत्र वाहनों, शिवभक्तों और अस्थायी बाजारों की चहल-पहल से गुलजार नजर आएगा। बैरागी कैंप हर साल डाक कांवड़ यात्रियों के लिए सबसे अहम पड़ावों में शामिल रहता है। जलाभिषेक से करीब पांच दिन पहले यहां हजारों डाक कांवड़िए अपने वाहनों के साथ पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों को तैयार कर लिया गया है। पुलिस ने पार्किंग और निकासी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की कवायद शुरू कर दी है।