बीएसएनके न्यूज संवाददाता / ऋषिकेश डेस्क। कांग्रेस के बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनैतिक द्वेषभावना से कार्य कर रही है। यही वजह है कि उनकी जिला पंचायत अध्यक्ष पत्नी रजनी भंडारी पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की साजिश की है।

सोमवार को देहरादून रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी ने कहा कि भ्रष्टाचार की जांच के बाद दो आईएएस ऑफिसर और कोर्ट से जिला पंचायत अध्यक्ष को क्लीन चिट मिल चुकी है।
लेकिन भाजपा सरकार उनके और उनकी पत्नी के बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते वर्चस्व से घबराकर राजनीतिक द्वेषभावना के चलते झूठे आरोप में फंसाने का लगातार प्रयास कर रही है। कहा कि जरूरत पड़ी तो वे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
पूर्व विधायक भंडारी ने कहा कि राज्य की जनता झूठी घोषणा वाली सरकार से तंग आ चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव संभव है। दावा किया कि भाजपा विस चुनाव में 10 सीटों का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।
पौड़ी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मनीष खंडूड़ी, ऋषिकेश विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे राजपाल खरोला ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि आगामी चुनावी में स्थिति डांवाडोल देख भाजपा सरकार सत्ता के बल पर विपक्ष के मजबूत नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र रच रही है। कहा कि सरकार यह नौटंकी चुनाव तक रहेगी।
पत्रकारवार्ता में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, प्रदेश सचिव शैलेंद्र बिष्ट, पार्षद मनीष शर्मा, सरोज देवराडी, हरीश गावडी आदि मौजूद रहे।
Success Pages News Portal