DEHRADUN: नगर निकाय चुनावों में आप जिस प्रत्याशी को वोट देने जा रहे, उसकी पृष्ठभूमि एक क्लिक पर जान सकते हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने पहली बार सभी निकायों के मेयर-अध्यक्ष व पार्षद-सभासद प्रत्याशियों की जानकारी वेबसाइट पर जारी कर दी है। नो योर कैंडिडेट के माध्यम से आप भी घर बैठे अपने प्रत्याशी की पूरी जानकारी ले सकते हैं।अभी तक भारत निर्वाचन आयोग अपने विधानसभा, लोकसभा चुनावों में नो योर कैंडिडेट यानी अपने प्रत्याशी को जानें की सुविधा देता था।
इसी तर्ज पर राज्य निर्वाचन आयोग ने इस चुनाव से नो योर कैंडिडेट की शुरुआत की है। इस पर जिलावार हर निकाय के हर मेयर, अध्यक्ष, पार्षद और सभासद प्रत्याशी की पूरी जानकारी उपलब्ध है। वेबसाइट पर जाकर सीधे अपने प्रत्याशी के नाम से उसकी पूरी पृष्ठभूमि जान सकते हैं। आयोग ने पहली बार सभी प्रत्याशियों से उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि को लेकर भी शपथ पत्र लिया है। इसमें उन्होंने जो भी जानकारी दी है, वह जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर जारी किए गए हैं, ताकि मतदाताओं को अपने प्रत्याशी का आपराधिक रिकॉर्ड भी पता चल सके।