Dehradun: भाजपा यूसीसी और भू-कानून की खूबियों को जन-जन तक ले जाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं से दोनों कानूनों को लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुट जाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी को जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर, सरकार द्वारा हाल में लिए ऐतिहासिक निर्णयों को जनता के बीच लेकर जाना है। क्योंकि सशक्त भू-कानून लाकर हमारी सरकार ने प्रदेशवासियों की जनभावनाओं और अपेक्षाओं की पूर्ति की है। लंबे समय से प्रदेश की भू-संपदा और देवभूमि स्वरूप का संरक्षण करने के लिए ऐसे कानून की जरूरत महसूस की जा रही थी।
जनता की इस इच्छा को पूरा करने का संकल्प मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा चुनावों में किया था। लेकिन कांग्रेस पार्टी इस प्रक्रिया में लगने वाले समय का लाभ राजनैतिक उपयोग के लिए कर रही थी। आज भी उनके नेता इस मुद्दे पर भ्रम, झूठ और अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूसीसी और भू-कानून को विधानसभा स्तर पर समाज के सभी वर्गों के मध्य पहुंचाने के लिए जनभागीदारी के बड़े कार्यक्रम करने होंगे।
उन्होंने अटल शताब्दी वर्ष को लेकर सुशासन दिवस के कार्यक्रमों की शृंखलाओं को पुनः गति देने का आह्वान किया। कहा कि इससे संबंधित गोष्ठियां, उनसे संबंधित साहित्य और स्मृतियों का संकलन, विचार गोष्ठी, उनके जीवनवृत के अनुभवी लोगों को सम्मानित करने आदि आयोजन तेजी लाई जाए।
उन्होंने आगामी आठ मार्च को महिला दिवस पर महिला मोर्चा, महिला विधायक और पदाधिकारियों को आगे बढ़ाते हुए जनजागरुकता के कार्यक्रम चलाने का आग्रह किया। प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने बैठक का संचालन किया। बैठक में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री और विधायक गणेश जोशी, पार्टी विधायक, पदाधिकारी शामिल थे।
Success Pages News Portal