न्यायालय को बम से उड़ाने की फिर मिली धमकी
रुद्रप्रयाग: रुद्रप्रयाग जिले न्यायालय में बृहस्पतिवार को फिर बम से उड़ाने से धमकी भरे फेक ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। न्यायालय परिसर तुरंत खाली कराया गया और चप्पे चप्पे को डॉग स्क्वॉड, ड्रोन और मेटल डिटेक्टर से छाना मगर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, जिला एवं सत्र न्यायालय रुद्रप्रयाग की आधिकारिक ईमेल आईडी पर दोबरा अज्ञात स्रोत से धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। मामले की गम्भीरता और सार्वजनिक सुरक्षा को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग आवश्यक पुलिस बल, अभिसूचना इकाई, बम निरोधक दस्ता, श्वान दल, एसडीआरएफ, अग्निशमन दस्ता व ड्रोन सहित न्यायालय परिसर पहुंचे और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए एहतियात के तौर पर तत्काल पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया गया।
बम निरोधक दस्ते व डॉग स्क्वॉड द्वारा पूरे न्यायालय परिसर का गहन तकनीकी निरीक्षण और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सर्च अभियान के उपरान्त कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पायी गयी। पुलिस धमकी भरे मेल की गहनता से जांच कर रही है। वहीं उन्होंने धमकी भरे ई-मेल भेजकर माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने की बात कही है।