कोई डिग्री न लाइसेंस; क्लीनिक की आड़ में चल रहा था अवैध रूप से आयुर्वेद दवाइयों का कारोबार
Dehradun: केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) व आयुर्वेद विभाग की संयुक्त टीम ने सहस्त्रधारा रोड स्थित त्रिफला हर्बल सेंटर पर छापा मारकर अवैध रूप से आयुर्वेद दवाइयों के कारोबार का पर्दाफाश किया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि केंद्र संचालन के पास न तो आयुर्वेद, होम्योपैथी चिकित्सा की कोई डिग्री है और न ही लाइसेंस है।
आयुष मंत्रालय को मिली शिकायत के आधार पर सीडीएससीओ व आयुर्वेद विभाग की टीम ने त्रिफला हर्बल सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई में टीम ने भारी मात्रा आयुर्वेद दवाइयों के साथ ही नकदी जब्त की है। सीडीएससीओ के उप ड्रग कंट्रोलर देवाशीष पांडा व राज्य आयुर्वेद ड्रग कंट्रोलर केएस नपलच्याल की अगुवाई में टीम ने प्रारंभिक जांच में पाया कि त्रिफला हर्बल केंद्र के संचालक स्वयं को एक पंजीकृत डॉक्टर के रूप में अवैध रूप से आयुर्वेद दवाइयों का कारोबार कर रहे थे।