पूर्व सीएम हरीश रावत बोले-जमीनों की ब्रिकी की छूट देकर गैरसैंण की आत्मा मार रही सरकार
गैरसैंण : गैरसैंण के नजदीकी गांवों में जमीन बेचे जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार गैरसैंण में जमीनों के बिक्री की खुली छूट देकर गैरसैंण की आत्मा को मारने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि गैरसैंण के महत्व को देखते हुए कांग्रेस सरकार ने जमीन की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई हुई थी जिसे हटाकर भाजपा सरकार ने भू माफियाओं के लिए गैरसैंण के दरवाजे खोल दिए हैं। सरकार को तत्काल भूमि की खरीद-फरोख्त पर रोक लगानी चाहिए जिससे गैरसैंण के विकास के लिए जमीनें बच सकें।
पूर्व सीएम ने संवाद न्यूज से दूरभाष पर हुई बातचीत में कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार ने यहां की जमीनों को लूट से बचाने को बनाए नियम कायदों को समाप्त कर दिया। जिसका परिणाम है कि आज बड़ी मात्रा में भोले और गरीब ग्रामीण जमीनों को कौड़ियों के भाव बेच रहे हैं। भविष्य में अगर गैरसैंण में नए नगर की स्थापना की जाती है तो गैरसैंण में जमीन नहीं बचेगी।