सीएम धामी ने दी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं, कहा- 26 वर्षों में 26 गुना बढ़ी प्रदेश की आर्थिकी

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों, अमर शहीदों और पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए राज्य के समग्र विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 वर्षों की विकास यात्रा में कुशल वित्तीय प्रबंधन के चलते प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार 26 गुना और प्रति व्यक्ति आय 18 गुना तक बढ़ चुकी है। राज्य की आर्थिक विकास दर 7.83 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि गरीबी दर 32.70 प्रतिशत से घटकर 6.92 प्रतिशत रह गई है। इसके अलावा बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी दर्ज की गई है और श्रमबल 45 से बढ़कर 64 प्रतिशत पहुंच गया है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करते हुए पिछले 5 वर्षों में 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं और सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। उन्होंने सरकार के ऐतिहासिक फैसलों का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला पहला राज्य बना है। साथ ही जबरन धर्मांतरण विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और अतिक्रमण पर कठोर कार्रवाई जारी है।

मातृशक्ति के सशक्तीकरण पर सीएम ने बताया कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। अब तक तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सैनिकों के सम्मान में देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण और हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है। अंत में सीएम ने जनता से समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।

Check Also

भाजपा ने फिर हरक-कांग्रेस को घेरा, भट्ट बोले-न्याय यात्रा का ढोंग करने वाले चुप क्यों?

Dehradun: जेनी के सामने आकर दुष्कर्म के आरोप लगाने के बाद भाजपा ने फिर हरक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *