Dehradun: साहित्य, सिनेमा, संगीत और कला की दुनिया के दिग्गजों का जमावड़ा एक बार फिर देहरादून में लगने जा रहा है। 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ) में इस बार देश की कई नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी। तीन दिवसीय महोत्सव में संगीतकार एआर रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, प्रसिद्ध संगीतकार विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह और अभिनेता राज बब्बर समेत साहित्य, सिनेमा और कला जगत की कई हस्तियां अपने अनुभव साझा करेंगी।
दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की इस वर्ष की थीम लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी रखी गई है। इसके तहत जीवन के अनुभवों, साहित्यिक विरासत और रचनात्मकता के सामाजिक प्रभाव पर विशेष चर्चा होगी।
महोत्सव के 2026 संस्करण की घोषणा रविवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म निर्देशक, लेखक व संगीतकार विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज ने की। इस बार महोत्सव में एआर रहमान और इम्तियाज अली के बीच पहली बार होने वाला विशेष संवाद प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें सिनेमा, संगीत और कहानी कहने की कला के आपसी संबंधों पर चर्चा होगी। संगीतकार विशाल भारद्वाज ने बताया कि महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण दुआ-देहरादून यूनाइटेड आर्टिस्ट्स नाम से शुरू की जा रही नई पहल होगी। इसके तहत फंड जुटाने के लिए संगीत कार्यक्रमों की शृंखला आयोजित की जाएगी।
Success Pages News Portal