गर्भवती पत्नी का कराया लिंग परीक्षण, बेटी होने पर ढाया कहर
सहसपुर: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के जस्सोवाला में गर्भवती पत्नी को करंट लगाने और बेरहमी से पीटने के बाद गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पीड़िता के परिजनों ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि आरोपी पति बबलू गर्भवती पत्नी को हरियाणा के पानीपत ले गया, जहां उसने अवैध रूप से गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण कराया।
गर्भ में बालिका होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने पत्नी और गर्भस्थ शिशु को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे अमानवीय यातनाएं दीं। वर्ष 2019 में प्रेम विवाह के बाद से ही आरोपी बबलू अपनी पत्नी सीमा के साथ मारपीट करता था। पीड़िता के पिता बालूवाला निवासी शेर सिंह ने बताया कि बाद में परिवार को पता चला कि आरोपी पहले से दो शादियां कर चुका है। उसकी एक पत्नी पानीपत में उसकी मां के साथ रहती है। सीमा की दो बेटियां होने के बाद तीसरी बार गर्भ ठहरने पर आरोपी लगातार उस पर गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण कराने का दबाव बना रहा था।
परिजनों के अनुसार आरोपी हरियाणा से वाहन लेकर आया और सीमा को अपने साथ पानीपत ले गया। वहां किसी अल्ट्रासाउंड सेंटर में गर्भस्थ शिशु की अल्ट्रासाउंड जांच कराई गई। आरोप है कि गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने उसे मारने की योजना बनाई। पानीपत से लौटने के बाद उसने वाहन अपने घर पर छोड़ दिया और बाइक से वापस जस्सोवाला पहुंचा।