त्यूनी में हुए भीषण अग्निकांड के शिकार हुए चार मासूमों में से तीन के अधजले शव बरामद
देर रात ही दो बच्चों के अधजले शव बरामद कर लिए गए थे। ऑपरेशन सुबह 4:30 बजे तक चला। सुबह सात बजे फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब नौ बजे एक अन्य बच्चे का शव बरामद हुआ। चौथे बच्चे के शव को बरामद करने के लिए एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन देर शाम तक जारी रहा।

देर रात एसएसपी दलीप सिंह कुंवर और एसपी देहात कमलेश उपाध्याय मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सर्च ऑपरेशन का जायजा लिया। सुबह बच्चों की शिनाख्त के लिए परिजन पहुंचे। बच्चों के अधजले शव देख परिजन बिलख-बिलख कर रोने लगे। कलेजे पर पत्थर रखकर परिजनों ने अपने बच्चों की पहचान की।

थानाध्यक्ष त्यूनी आशीष रवियान ने बताया कि अधिरा (5) के अधजले शव पर कपड़े चिपके हुए थे। जिस आधार पर परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। वहीं कद के आधार पर परिजनों ने सोनम (9) की पहचान की, जबकि एक बच्चे का अधजला हाथ मिला।

