स्याना चट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे 100 मीटर बहा
Dehradun: यमुनोत्री घाटी में लगातार हो रही बारिश ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी है। यमुनोत्री हाईवे पर स्याना चट्टी के पास हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा वॉश आउट हो गया। इससे और परेशानी बढ़ गई है।
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर यातायात बाधित होने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को सुबह ही गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह मलबा आने से आवाजाही के लिए घंटों बाधित रहे। गंगोत्री हाईवे नगुण के पास दिनभर आवाजाही ठप रही। हालांकि शाम को आवाजाही सुचारू हो गई है। वहीं, स्यानाचट्टी में दोपहर बाद फिर से भारी चट्टानी बोल्डर गिरने के कारण आवाजाही बंद है।
गंगोत्री राजमार्ग पर सुबह नालूपानी और नगुण के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही सड़क खोलने के लिए मशीनें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। नालूपानी में करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई लेकिन दोपहर में एक बार फिर भूस्खलन होने से सड़क बंद हो गई।