हिंदूकुश में लगातार घटता हिम टिकाव दे रहा बड़े खतरे का संकेत
Dehradun: हिमालय अब सिर्फ बर्फ और ठंड का पर्याय नहीं रह गया है। पर्वतीय क्षेत्र मैदानी इलाकों की तुलना में तेजी से गर्म हो रहे हैं और इसका सबसे स्पष्ट असर 3,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। हिंदूकुश हिमालय में बर्फ के टिके रहने की अवधि लगातार घट रही है। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले दो दशकों में तापमान करीब एक डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है। ये बदलाव केवल तापमान बढ़ने की कहानी नहीं हैं बल्कि हिमालय की पूरी जल और मौसम व्यवस्था के बदलने के संकेत हैं।
प्रो. अग्रवाल के अनुसार इस बदलाव को समझने के लिए बर्फ के रंग का प्रभाव महत्वपूर्ण है। सफेद बर्फ सूर्य की किरणों को काफी हद तक लौटा देती है जबकि बर्फ हटने के बाद सामने आने वाली चट्टान और मिट्टी सूर्य की ज्यादा ऊर्जा सोखती हैं। इससे जमीन गर्म होती है और बची हुई बर्फ तेजी से पिघलती है। यानी बर्फ घटने से गर्मी बढ़ती है और गर्मी बढ़ने से बर्फ और तेजी से घटती है।