रामनगर-देहरादून के बीच नई रेल सेवा को मंजूरी, सांसद बलूनी ने था आग्रह
Dehradun: केंद्र सरकार ने रामनगर से देहरादून के बीच नई रेल सेवा को मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन के संचालन से गढ़वाल व कुमाऊं के लिए कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से रामनगर-देहरादून के लिए नई रेल सेवा शुरू करने का आग्रह किया था। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद बलूनी को पत्र भेजकर नई ट्रेन की मंजूरी देने की जानकारी दी है। सांसद ने कहा कि इस नई सेवा से क्षेत्र के लोगों को देहरादून की यात्रा करने में आसानी होगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व में राज्य में रेल कनेक्टिविटी विकास हुआ है। उन्होंने काठगोदाम और देहरादून के बीच नैनी दून एक्सप्रेस, कोटद्वार को नई दिल्ली से जोड़ने वाली ट्रेन सेवा और देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात दी है।
बलूनी ने 5 जनवरी, 2026 को रेल मंत्री को लिखे अपने पत्र में रामनगर से देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने का आग्रह किया था। उन्होंने अवगत कराया था कि वर्तमान में दोनों शहरों के बीच कोई सीधा रेल संपर्क नहीं है, जिससे यात्रियों को लंबे मार्गों से यात्रा करनी पड़ती है।
बलूनी ने कहा, रामनगर व देहरादून दोनों ही कामकाजी लोगों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र हैं। बड़ी संख्या में श्रमिक, छात्र और व्यवसायी प्रतिदिन इन दोनों शहरों के बीच यात्रा करते हैं। नई ट्रेन सेवा से उन्हें सीधा और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति उत्तराखंड के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है और आने वाले समय में राज्य में रेल नेटवर्क को और सशक्त किया जाएगा।