News Portal

जनगणना ड्यूटी के लिए घर पहुंची शिक्षिका को रॉटविलर ने काटा, हाथ पर आए गहरे जख्म, मालिक पर जुर्माना

देहरादून: देहरादून में जनगणना कार्य के दौरान एक सहायक अध्यापिका पर रॉटविलर नस्ल के कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। यह घटना रविवार शाम इंद्रानगर क्षेत्र के मलिक चौक के पास हुई। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय पंडितवाड़ी में कार्यरत सहायक अध्यापिका आशा भंडारी घायल हो गईं। वह जनगणना के सिलसिले में एक घर पर पहुंची थीं।

इंद्रानगर कॉलोनी में रॉटविलर कुत्ते के जनगणना करने गई महिला प्रगणक पर हमले के मामले में निगम ने सोमवार को कुत्ते के मालिक अजय नेगी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। पिछले कई साल से कुत्ते के पंजीकरण का नवीनीकरण नहीं कराया गया था। इसके अलावा मालिक वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र भी नहीं दिखा सका।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार 2021 में इस कुत्ते का पंजीकरण कराया गया था जो एक साल के लिए वैध होता है। वहीं, वैक्सीनेशन के संबंध में किए गए दावे की पड़ताल की गई लेकिन स्पष्ट नहीं हो सका कि वैक्सीनशेन हुआ है या नहीं। नगर निगम की टीम ने पंजीकरण का नवीनीकरण नहीं होने पर चालान किया। इसके अलावा संबंधित से शपथपत्र भी लिया कि अब लापरवाही बरती तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। 

मकान के बाहर नहीं लिखा था कि कुत्ते से सावधान
उक्त घर के बाहर कुत्ते से सतर्क होने की चेतावनी भी नहीं लिखी थी। इस समय जनगणना चल रही है और प्रगणकों पर दबाव है कि समय रहते काम पूरा करें। ऐसे में प्रगणक ने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई नहीं निकला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद मजबूरन प्रगणक ने जैसे ही मेन गेट खोला तो घर के आंगन में स्वतंत्र घूम रहा रॉटविलर महिला पर टूट पड़ा। यदि बाहर चेतावनी थी लिखी होती तो यह घटना नहीं होती।

कुत्ते के पंजीकरण का नवीनीकरण नहीं कराया गया था और न ही बाहर कोई चेतावनी संबंधित बोर्ड था। इसलिए नई नियमावली के तहत 25 हजार रुपये का चालान किया गया है। क्योंकि यह इस कुत्ते संबंधित पहला मामला है और इसलिए इसमें प्राथमिकी की चेतावनी दी गई है।
– डॉ. वरुण अग्रवाल, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी, नगर निगम

Leave A Reply

Your email address will not be published.