मौसम के बदले पैटर्न ने डेंगू के आउटब्रेक के खतरे को बढ़ाया
Dehradun: मौसम के पैटर्न ने डेंगू के आउटब्रेक के खतरे को बढ़ा दिया है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। विभाग ने जिलेभर के 40 सरकारी और निजी अस्पतालों में 1530 सामान्य और 132 आईसीयू बेड आरक्षित किए हैं। अब तक जिले में 50 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जंतु वैज्ञानिकों की मानें तो रुक-रुककर बारिश होना डेंगू मच्छरों के लिए बेहद मुफीद है। इस तरह के नमी और हल्की गर्मी वाले मौसम में मादा मच्छर अपने अंडों के विकास के लिए बाहर निकलती हैं।