नशामुक्त उत्तराखंड की मुहिम को लेकर देहरादून में वॉकथॉन

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डॉ. बीआर आंबेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी, देहरादून में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और स्वस्थ व सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश देने वाला अभियान है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने युवाओं से खेल, योग और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अच्छी संगति और सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। कहा कि युवा इस अभियान में केवल सहभागी ही नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता भी बनें और दूसरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। इसमें अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प हर व्यक्ति के आचार, विचार और व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त उत्तराखंड का निर्माण संभव है।

Check Also

सड़क और पुल निर्माण के सभी काम एक स्वीकृति पर होंगे

Dehradun: प्रदेश में अब सड़क व पुल निर्माण के सभी काम एक ही स्वीकृति पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *