आम आदमी पार्टी के किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष ने कांग्रेस का थामा दामन

बीएसएनके न्यूज / उधमसिंह नगर डेस्क। उत्तराखंड में चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। जैसे-जैसे मतदान की तारीख निकट आ रही है, राजनैतिक दलों में दल बदलने का दौर भी तेजी से शुरू हो गया है। उधमसिंह नगर के किच्छा में आम आदमी पार्टी के किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष ने तमाम साथियों के साथ आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया।

कांग्रेस में शामिल हुए आप नेता सतवंत सिंह बागी तथा उनके समर्थकों का किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह संधू ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। किच्छा में आयोजित कार्यक्रम में किसान कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह संधू ने आप पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए सतवंत सिंह बागी सहित अन्य युवाओं का फूल मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

आयोजित कार्यक्रम में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुशील राठी की संस्तुति पर जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह संधू ने आप नेता सतवंत सिंह को किसान कांग्रेस कमेटी का प्रदेश सचिव बनाए जाने की घोषणा करते हुए मनोनयन पत्र सौंपा। आप पार्टी छोड़कर कांग्रेस में आए किसान नेता सतवंत सिंह ने आरोप लगाया कि आप पार्टी में समर्पित तथा जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त पार्टी का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचारियों को विधानसभा प्रत्याशी बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने कृषि कानूनों को निरस्त कराने में अहम भूमिका निभाते हुए किसानों का साथ दिया तथा कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलने के चलते उन्होंने आप पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह संधू ने कहा कि कांग्रेस का जनाधार लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी जनता के आशीर्वाद से बहुमत से जीत दर्ज करते हुए उत्तराखंड में सरकार बनाएगी। इस मौके पर तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।

रिपोर्ट – अनीश रजा

 

Check Also

घटनास्थल से जवानों ने तीन साल की बच्ची को ऐसे निकाला, सीने से लगाकर एम्स ऋषिकेश तक लाए

उत्तराखंड में गूलर बस हादसे के बीच तीन साल की मासूम आयरा को बचाने के लिए एसडीआरएफ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *