चमक रहीं हिमालय की बर्फीली चोटियां, गुनगुने मौसम और कुदरती नजारों का लुत्फ उठा रहे पर्यटक

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में चटख धूप खिलने से मौसम खुशनुमा हो गया है। साफ आसमान के साथ दूर-दूर तक फैली हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां चमकती नजर आ रही हैं। अक्तूबर-नवंबर का महीना पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता निहारने के लिए खास माना जाता है।

शहर के विभिन्न पर्यटक स्थलों से हिमालय की विहंगम चोटियों का मनमोहक दृश्य देखने को मिल रहा है। साफ मौसम में बर्फ से ढकी पर्वत शृंखलाएं दूर से ही चमकती दिखाई देती हैं। पर्यटक दूरबीन के साथ इन प्राकृतिक नजारों को देख रहे हैं और अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। पहाड़ों की ठंडी हवा और गुनगुनी धूप का अनूठा संगम पर्यटकों के लिए खास अनुभव बन रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास होने के बावजूद दिन में खिलने वाली धूप लोगों को राहत देती है।

स्थानीय होटल प्रबंधक कुशाल सिंह और अरविंद सेमवाल ने बताया कि अक्तूबर-नवंबर में पहाड़ों पर गुनगुनी धूप खिलने से ठंड से राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ होने पर हिमालय की बर्फीली चोटियां और आसपास की वादियां बेहद खूबसूरत नजर आती हैं। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी ने कहा कि इन दिनों उत्तराखंड में मौसम साफ है। ठंड के साथ गुनगुनी धूप हो रही है, जो घूमने के लिए आदर्श है।

लंबे सप्ताहांत के चलते सोमवार को मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इससे शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई और प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम लगा रहा। बुद्धा टेंपल मार्ग पर सुबह से शाम तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। लोगों ने आरोप लगाया कि यातायात नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात नहीं थे।

Check Also

तृतीय केदार तुंगनाथ धाम के कपाट 6 नवंबर को शीतकाल के लिए होंगे बंद

तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट आगामी छह नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *