मुख्यमंत्री योगी ने निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए 18 मंडल मुख्यालयों में बनाये जा रहे अटल आवासीय विद्यालयों का निर्माण पूरा करने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए प्रदेश के 18 मंडल मुख्यालयों में बनाये जा रहे अटल आवासीय विद्यालयों का निर्माण इस साल अक्टूबर तक पूरा करने का निर्देश दिया है ताकि हर हाल में उनमें अप्रैल 2023 से पढ़ाई शुरू की जा सके। मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर अटल आवासीय विद्यालयों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक मे विद्यालयों की मानक संचालन प्रक्रिया के बारे में प्रस्तुतीकरण भी हुआ।

मुख्यमंत्री ने खासतौर पर मुरादाबाद, वाराणसी, झांसी और बस्ती मंडल मुख्यालयों पर अटल आवासीय विद्यालयों की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालयों का निर्माण तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर विद्यालय निर्माण और उसके संचालन की प्रगति की निगरानी करने का निर्देश दिया। चेताया कि समयबद्धता और गुणवत्ता को लेकर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सभी विद्यालयों में खेल के मैदान और कौशल विकास की व्यवस्थाएं भी हों। यह विद्यालय ऐसे मॉडल बनें जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिले। विद्यालयों के संचालन की निगरानी के लिए राज्य, मंडल व जिला स्तर पर समितियों का गठन किया जाए। मुख्यमंत्री ने विद्यालयों में प्रधानाचार्यों, शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कार्मिकों की तैनाती के साथ पाठ्यक्रम निर्धारण भी शीघ्रता से करने का निर्देश दिया। पाठ्यक्रम को राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के अनुकूल बनाने और उसमें योग व खेलकूद को विशेष रूप से शामिल करने पर जोर दिया।

भारतीय दर्शन व संस्कृति के अनुरूप हो विद्यालयों की वास्तुकलाः मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालयों और छात्रावास के भवनों की वास्तुकला भारतीय दर्शन व संस्कृति के अनुरूप हो। इसकी शैली उत्कृष्ट व जीवंत हो। इसके निर्माण में आधुनिक तकनीक, डिजाइन और सुविधाओं का समावेश किया जाए।

Check Also

बोर्ड बैठक में हंगामे के बाद चार समितियों का गठन, नगरीय बस सेवा समेत 200 प्रस्ताव पास

Roorkee: नगर निगम बोर्ड की बैठक में चर्चा के दौरान शुरू में ही हंगामा हो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *