Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डालनवाला पुलिस थाने का औचक निरीक्षण कर सफाई से लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। सफाई की बदहाल व्यवस्था और एसएचओ मनोज मैनवाल को बहुत देर तक नदारद पाने पर लाइन हाजिर करने का निर्देश दिया। मैनवाल सीएम के आने की सूचना मिलने के बावजूद बहुत देर से थाने पहुंचे। इस दौरान सीएम ने थाने के रजिस्टर भी खंगाल लिए। वहां मौजूद आम लोगों से बातचीत की। उनकी शिकायतों को सुना।

दरअसल, सीएम विभिन्न सरकारी बैठकों से निपटने के बाद अचानक डालनवाला थाने पहुंच गए। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, एफआईआर रजिस्टर और ड्यूटी चार्ट का गहन निरीक्षण किया। लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। थाने में मौजूद फरियादियों से भी बातचीत की। इस दौरान चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था और सत्यापन अभियान में ढिलाई पर सीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने एसएसपी को विस्तृत जांच के आदेश देते हुए जिम्मेदारी तय करने को कहा है।
कानून व्यवस्था से जुड़ा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
Success Pages News Portal